राजस्थान में ट्रेन को उड़ाने की साजिश नाकाम! श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका, ATS और IB जांच में जुटीं
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, श्री गंगानगर • 4/11/2026, 10:31:13 am
श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध विस्फोट की घटना सामने आई है। अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर गांव 50 जीबी के पास मंगलवार रात हुए धमाके से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9:45 बजे रेलवे ट्रैक पर धमाका हुआ। इससे लगभग 45 मिनट पहले इसी मार्ग से अनूपगढ़ से सूरतगढ़ जाने वाली पैसेंजर ट्रेन गुजर चुकी थी। गनीमत रही कि घटना के समय कोई ट्रेन मौके से नहीं गुजर रही थी।
ATS, IB और FSL ने संभाली जांच
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस, रेलवे प्रशासन, इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB), सीआईडी और एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। बम निरोधक दस्ते को भी जांच के लिए बुलाया गया।
धमाके की तीव्रता से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे सीमेंट के स्लीपर टूट गए और पटरी को जोड़ने वाले लॉक भी क्षतिग्रस्त हो गए।
अनूपगढ़-बठिंडा ट्रेन को लेकर जताई गई आशंका
प्रारंभिक रिपोर्टों में आशंका जताई गई है कि अनूपगढ़ से बठिंडा जाने वाली ट्रेन को निशाना बनाने की कोशिश हो सकती थी। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी साजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
एहतियात के तौर पर इस रेलमार्ग पर ट्रेनों का संचालन रोका गया। श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। विस्फोट के कारण और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों का पता फॉरेंसिक जांच के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा एजेंसियां सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही हैं।