सुल्तानपुर में अवैध खनन रोकने गई राजस्व टीम पर हमला, नायब तहसीलदार का पैर टूटा; दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, सुल्तानपुर • 4/11/2026, 10:35:11 am
सुल्तानपुर। जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर खनन में शामिल लोगों ने हमला कर दिया। घटना में नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि दो लेखपाल भी घायल हो गए। मामले में पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय गोड़वा चौकी प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है।
घटना सोमवार देर रात कोतवाली नगर क्षेत्र के रामनगर इमिलिया (अमलिया कला) गांव की है। अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर नायब तहसीलदार सदर धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची थी। टीम में लेखपाल सुमित कुमार वर्मा और कुंवर बृजेश सिंह समेत अन्य कर्मचारी शामिल थे।
बताया गया कि मौके पर एक डंपर पकड़े जाने के बाद कुछ लोग वहां पहुंच गए और राजस्व टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि नायब तहसीलदार धर्मेंद्र यादव को जमीन पर गिराकर पीटा गया, जिससे उनका पैर टूट गया। वहीं लेखपाल सुमित वर्मा और कुंवर बृजेश सिंह भी घायल हो गए। दो लेखपालों को बंधक बनाए जाने का भी आरोप है। घायलों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। नायब तहसीलदार को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किए जाने की खबर है।
दो नामजद समेत 10-15 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
लेखपाल सुमित वर्मा की शिकायत पर पुलिस ने गोलू सिंह और संदीप सिंह समेत 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं खनन अधिकारी की ओर से अवैध खनन के संबंध में अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। मौके से एक डंपर और ट्रैक्टर भी सीज किए गए हैं।
दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
मामले में स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठे हैं। एसपी विनीत जायसवाल ने जांच रिपोर्ट के आधार पर गोड़वा चौकी प्रभारी विनोद कुमार पटेल, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, जितेंद्र कनौजिया और कांस्टेबल आनंद कुमार यादव को निलंबित कर दिया है। पुलिसकर्मियों पर अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही और उदासीनता बरतने का आरोप है।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, अवैध खनन और राजस्व टीम पर हमले के मामले में आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।