हरदोई में चार दिन से लापता युवक का धान के खेत में मिला शव, हत्या का आरोप; चार लोगों पर जताया शक
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 4/11/2026, 11:25:29 am
कासिमपुर क्षेत्र के कंजौरा गांव में मिला शव, सिर और दाहिने कंधे पर चोट के निशान; पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
हरदोई। जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता 35 वर्षीय युवक का शव मंगलवार शाम पड़ोसी गांव कंजौरा में धान के खेत से बरामद हुआ। मृतक की पहचान बलनापुर गांव निवासी मंटू सिंह के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के सिर और दाहिने कंधे पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार मंटू सिंह खेती-किसानी करते थे। परिजनों के मुताबिक, वह 30 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
मंगलवार शाम करीब छह बजे मंटू के चचेरे भाई अमरेश सिंह ने कंजौरा गांव निवासी सुशील शुक्ला के धान के खेत में उनका शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। कासिमपुर थाना प्रभारी घनश्याम राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
मृतक के पिता उदय प्रताप सिंह ने पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति और मंदिर के पुजारी समेत चार लोगों पर नशे की हालत में मंटू के साथ मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है। हालांकि, हत्या के आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मृतक के चचेरे भाई अमरेश सिंह ने बताया कि मंटू चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी शादी करीब पांच साल पहले हरदोई शहर कोतवाली क्षेत्र के बरहेखवा गांव में हुई थी। हालांकि, शादी के करीब एक साल बाद उनका पत्नी से तलाक हो गया था। मंटू की मां बिटोली और पिता उदय प्रताप सिंह हैं।
थाना प्रभारी घनश्याम राम के मुताबिक, मंटू की गुमशुदगी दर्ज थी। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा और उसी के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।