हरदोई में रिटायर्ड दरोगा के बंद मकान में लाखों की चोरी, सोने के जेवर और नकदी ले गए चोर; शराब की बोतल भी मिली खाली
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 4/11/2026, 9:21:03 pm
हरदोई। शहर के लालपालपुर में चोरों ने एक रिटायर्ड दरोगा के बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर से करीब 1.5 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने घर में रखे काजू-बादाम और खाने-पीने के अन्य सामान को हाथ तक नहीं लगाया, लेकिन कमरे के कोने में रखी शराब की बोतल पूरी खाली कर दी।
जानकारी के मुताबिक, राजाराम गुप्ता लालपालपुर में लखनऊ-पलिया हाईवे-731 के पास स्थित अपने पुराने मकान में रहते हैं। शहर में भी उनका एक मकान है। करीब एक सप्ताह पहले उनकी पोती की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके चलते वह उसे इलाज के लिए लखनऊ ले गए थे। तबीयत में सुधार होने के बाद सोमवार को वह पोती को लेकर शहर स्थित मकान पर आ गए थे।
बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे जब राजाराम गुप्ता लालपालपुर स्थित अपने मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला खोलने के बाद अंदर का दरवाजा बंद मिला। दरवाजा खुलवाकर अंदर पहुंचे तो आंगन का जाल कटा हुआ था और कमरों का सामान बिखरा पड़ा था।
राजाराम के मुताबिक, चोर कमरे में रखी सोने की अंगूठी, चेन, पायल समेत करीब 1.5 लाख रुपये कीमत के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए। रसोई में रखे काजू-बादाम और खाने-पीने के दूसरे सामान को चोरों ने नहीं छुआ। हालांकि, कमरे के कोने में रखी शराब की बोतल पूरी खाली मिली।
पुलिस ने घटना को बताया संदिग्ध, जांच शुरू
घटना की जानकारी राजाराम गुप्ता ने फोन के जरिए पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। लालपालपुर चौकी इंचार्ज सुनील कुमार ने मामले को संदिग्ध बताया है।
उनके मुताबिक, इसी मकान में ई-स्कूटी का शोरूम संचालित होता है और यहां एक किराएदार भी रहता है। ऐसे में मकान के अंदर जाल टूटने और चोरी की जानकारी किसी को न होना जांच का विषय है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।