विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, समय और गुणवत्ता का रखें ध्यान: नितिन अग्रवाल
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 4/11/2026, 9:37:16 pm
हरदोई। आबकारी एवं मद्य निषेध मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उत्तर प्रदेश सरकार नितिन अग्रवाल की अध्यक्षता में बुधवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंत्री ने जनपद में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और निर्माण कार्यों की लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मंत्री नितिन अग्रवाल ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृति मिलने के बाद योजनाओं का तत्काल शिलान्यास कराकर कार्य शुरू कराया जाए, ताकि परियोजनाएं समय से पूरी हों और जनता को उनका लाभ मिल सके। पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं का शीघ्र लोकार्पण कराने के निर्देश भी दिए।
युवा उद्यमी योजना और धान खरीद की समीक्षा
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा करते हुए मंत्री ने बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक युवाओं को योजना से लाभान्वित करने को कहा। वहीं, धान खरीद की समीक्षा के दौरान निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत जल्द कराने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत का कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा जल निगम को सड़कों के रेस्टोरेशन का कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कान्हा गौशालाओं के निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने पर जोर दिया।
खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर
मंत्री ने किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए यूरिया, एनपीके और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को कृषि कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी न हो। बैठक में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।