फिरोजाबाद में मौत बनकर दौड़ा हादसा!
विकल्प कुमार • फिरोजाबाद, फिरोजाबाद • 4/11/2026, 10:31:34 pm
फिरोजाबाद में मौत बनकर दौड़ा हादसा! आगरा से कोर्ट जा रहीं न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी की दर्दनाक मौत, सिक्सलेन पर पलटी कार....
फिरोजाबाद के सिक्सलेन बाईपास पर बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। आगरा से फिरोजाबाद न्यायालय आ रहीं जिला उपभोक्ता आयोग में तैनात न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। उनकी कार हादसे के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुखद घटना से न्यायिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आगरा के ताजगंज निवासी सोनम चतुर्वेदी पत्नी वैभव बुधवार को अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से आगरा से फिरोजाबाद के लिए रवाना हुई थीं। उन्हें जिला उपभोक्ता आयोग स्थित न्यायालय पहुंचना था। इसी दौरान थाना मक्खनपुर क्षेत्र के बिल्टीगढ़ चौराहे से पहले सिक्सलेन बाईपास पर उनकी कार आगे चल रही दूसरी कार से टकरा गई।
बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद कार चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और स्विफ्ट डिजायर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
अस्पताल पहुंचते ही जिंदगी की जंग हारीं न्यायिक मजिस्ट्रेट
सूचना मिलते ही मक्खनपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल सोनम चतुर्वेदी को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया।
आगरा से फिरोजाबाद का सफर बना आखिरी सफर
सोनम चतुर्वेदी रोजमर्रा की तरह अपने कार्यस्थल न्यायालय जा रही थीं, लेकिन रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली। एक न्यायिक अधिकारी की असमय मौत की खबर से उनके परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे में शामिल दूसरे वाहन और दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।
इस घटना ने एक बार फिर हाईवे और सिक्सलेन पर सुरक्षित वाहन संचालन तथा यातायात नियमों के पालन की जरूरत को सामने ला दिया है।