नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को लेकर एसपी हरदोई ने किया रात्रि विश्राम स्थलों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 4/11/2026, 10:48:20 pm
हरदोई। उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक (सीधी भर्ती-2025) में चयनित अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को लेकर हरदोई पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार, 04 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक हरदोई ने थाना संडीला एवं थाना कछौना क्षेत्रांतर्गत निर्धारित रात्रि विश्राम स्थलों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चयनित अभ्यर्थियों के ठहरने के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने रात्रि विश्राम स्थलों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक इंतजामों की स्थिति देखी।
एसपी ने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को ठहरने के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं तथा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक सीधी भर्ती-2025 में चयनित अभ्यर्थियों के लिए जनपद लखनऊ में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इस कार्यक्रम के संबंध में हरदोई एवं अन्य जनपदों के चयनित अभ्यर्थियों की सुविधा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए रात्रि विश्राम स्थलों का निरीक्षण किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां पूर्ण रखने तथा अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल होने वाले चयनित अभ्यर्थियों को यात्रा एवं रात्रि विश्राम के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।