शादी के दबाव में महिला शिक्षिका की हत्या, स्कूल प्रबंधक गिरफ्तार; कार की डिग्गी में शव रखकर दिनभर घूमता रहा आरोपी
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, देवरिया • 5/11/2026, 6:20:32 am
देवरिया। जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में महिला शिक्षिका की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंकने के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में स्कूल प्रबंधक विजय निषाद को गिरफ्तार किया है। मृतका की पहचान गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र निवासी रानी विश्वकर्मा (26) के रूप में हुई है। वह आरोपी के स्कूल में शिक्षिका थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी और शिक्षिका के बीच नजदीकी संबंध थे। रानी उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर 31 अक्टूबर की सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद विजय निषाद उसे अपनी सफेद वैगनआर कार से मिठाबेल गांव के बाहर सुनसान स्थान पर ले गया, जहां कार की पिछली सीट पर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
कार की डिग्गी में शव रखकर घूमता रहा आरोपी
हत्या के बाद आरोपी ने शव को कार की डिग्गी में रख दिया और पूरे दिन शहर में घूमता रहा। रात करीब 8:30 बजे वह रुद्रपुर थाना क्षेत्र में श्रीनेत ग्लोबल स्कूल के पास पहुंचा और सड़क किनारे जंगल व झाड़ियों में शव फेंककर फरार हो गया।
31 अक्टूबर की रात पुलिस को सड़क किनारे महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। अगले दिन मृतका की पहचान रानी विश्वकर्मा के रूप में हुई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
एसओजी और रुद्रपुर पुलिस ने किया खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसओजी और रुद्रपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम को खुलासे के लिए लगाया गया था। पुलिस ने आरोपी विजय निषाद को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार, मृतका का एटीएम कार्ड और मोबाइल का फ्लिप कवर बरामद किया है। कार की डिग्गी समेत वाहन का फॉरेंसिक परीक्षण भी कराया गया और जरूरी सैंपल जुटाए गए।
पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि अब तक की जांच में एक ही आरोपी की भूमिका सामने आई है। हालांकि मृतका के परिजनों ने कुछ अन्य लोगों के भी घटना में शामिल होने की आशंका जताई है, जिस पर पुलिस जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।