हरदोई: नगर निगम के गोदाम में लगी भीषण आग, 6 दमकल गाड़ियों ने 3 घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 5/11/2026, 10:10:24 am
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के बिलग्राम रोड स्थित जल जीवन मिशन का काम कर रही नागार्जुन कॉरपोरेशन कंपनी लिमिटेड (एनसीसी) के गोदाम में गुरुवार सुबह भीषण आग लग गई। गोदाम से उठती आग की लपटें देखकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 5:45 बजे अग्निशमन विभाग को गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआत में सदर क्षेत्र से एक फायर टेंडर मौके पर भेजा गया, लेकिन आग तेजी से फैलती देख अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाना पड़ा। इसके बाद सदर से दो, संडीला से दो और बिलग्राम से एक अतिरिक्त फायर टेंडर मौके पर पहुंचा। कुल छह दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।
प्लास्टिक स्क्रैप और तेल के डिब्बों से बढ़ा खतरा
गोदाम के आसपास प्लास्टिक स्क्रैप और तेल के डिब्बे पड़े होने के कारण आग के और फैलने का खतरा बना हुआ था। दमकल कर्मियों ने सावधानी बरतते हुए पहले गोदाम के चारों ओर मौजूद शेड को ठंडा किया। इसके बाद अलग-अलग दिशाओं से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। लगातार करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित कर लिया गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
मुख्य अग्निशमन अधिकारी महेश प्रताप सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है। हालांकि, वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगी।
नुकसान का आकलन बाकी
अग्निशमन विभाग के अनुसार, गोदाम में आग लगने से कंपनी को हुए आर्थिक नुकसान का अभी आकलन नहीं हो सका है। सर्वेयर की रिपोर्ट आने के बाद नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।