यूपी में घटे 3,786 मतदेय स्थल, अब प्रदेश में 1.73 लाख बूथ; 1200 मतदाताओं पर बनेगा एक बूथ
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, लखनऊ • 5/11/2026, 10:15:37 am
SIR के बाद 2.04 करोड़ कम हुए मतदाता, परिवार के सभी सदस्यों के वोट एक ही बूथ पर रखने के निर्देश
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया में प्रदेश के 3,786 मतदेय स्थल कम हो गए हैं। निर्वाचन आयोग की मंजूरी के बाद अब प्रदेश में कुल 1,73,730 मतदेय स्थल रह गए हैं। इससे पहले इनकी संख्या 1,77,516 थी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के अनुसार, प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों और 75 जिलों में मतदेय स्थलों का पुनर्गठन निर्धारित मानक के आधार पर किया गया है। नए मानक के तहत एक मतदेय स्थल पर अधिकतम 1,200 मतदाताओं की व्यवस्था की गई है।
SIR के बाद 2.04 करोड़ मतदाता घटे
उत्तर प्रदेश में SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची में करीब 13.39 करोड़ मतदाता दर्ज किए गए हैं। जबकि 27 अक्टूबर 2025 को प्रकाशित मतदाता सूची में करीब 15.44 करोड़ मतदाता थे। इस प्रकार प्रदेश में लगभग 2.04 करोड़ मतदाताओं की कमी दर्ज की गई है।
एक परिवार के सदस्यों का एक ही बूथ पर होगा नाम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि एक परिवार के सभी सदस्यों के नाम मतदाता सूची के एक ही सेक्शन में दर्ज किए जाएं। यदि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद किसी परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर पाए जाते हैं, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-8 के माध्यम से आवश्यक सुधार कराया जाएगा।
इसके अलावा जिन मतदाताओं के मतदान केंद्र बदले गए हैं, उन्हें बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के माध्यम से लिखित सूचना दी जाएगी, ताकि मतदान के समय किसी प्रकार की असुविधा न हो। नई व्यवस्था के तहत आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) का कार्य स्वीकृत 1,73,730 मतदेय स्थलों पर किया जाएगा।