हरदोई: सोनू हत्याकांड में दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 5/11/2026, 6:00:54 pm
किराये पर गाड़ी लेकर चालक की कर दी थी हत्या, सड़क हादसे का रूप देने के लिए सड़क पर फेंका था शव
हरदोई। बिलग्राम थाना पुलिस ने गाड़ी चालक सोनू हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गलौली निवासी मोनू उर्फ अमित कुमार ने 3 नवंबर 2026 को बिलग्राम थाने में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया कि उसका भाई सोनू गाड़ी किराये पर चलाने का काम करता था। 1 नवंबर को रोहित उर्फ विशाल निवासी ग्राम ईशेपुर, थाना हरपालपुर और उरवेश निवासी ग्राम बारामऊ, थाना अरवल ने उसकी गाड़ी किराये पर ली थी। आरोप है कि दोनों ने सोनू की हत्या कर दी और वारदात को सड़क हादसा दिखाने के लिए उसका शव सड़क पर फेंक दिया।
तहरीर के आधार पर बिलग्राम थाने में मुकदमा अपराध संख्या 494/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 238 में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 3/25 भी बढ़ाई गई।
पुलिस ने मामले में नामजद रोहित उर्फ विशाल पुत्र कृष्ण और उरवेश पुत्र रामनिवास को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, रोहित के खिलाफ हरपालपुर थाने में मारपीट से संबंधित एक मुकदमा दर्ज है, जबकि उरवेश के खिलाफ अरवल थाने में मारपीट, धमकी और जबरन वसूली से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार, उपनिरीक्षक दीप नारायण पाण्डेय, श्रीप्रकाश सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।