हरदोई: तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को कुचला, मौके पर मौत; परिवार में मचा कोहराम
सौरभ श्रीवास्तव • संपूर्ण भारत, हरदोई • 5/11/2026, 6:11:41 pm
बघौली-प्रतापनगर मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के आगे हुआ हादसा, पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम को भेजा
हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से करीब 50 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बघौली-प्रतापनगर मुख्य मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग से आगे बैंक ऑफ इंडिया के सामने हुआ। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, माधौगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बंथरा अटवा कुर्सठ निवासी रामकली (50) पत्नी सोनेलाल गुरुवार दोपहर सड़क से गुजर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही बघौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक संख्या GJ 03 BW 6480 को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया। इसके बाद सड़क से जाम हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। पुलिस ने मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।