बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक, मानक पूरे नहीं करने वाले विद्यालयों को नहीं मिलेगी जगह
सौरभ श्रीवास्तव • संपूर्ण भारत, हरदोई • 5/11/2026, 6:31:23 pm
छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने के लिए अनावश्यक दूरी न तय करनी पड़े, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश
हरदोई। आगामी माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण को लेकर स्वामी विवेकानन्द सभागार में जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक अरविन्द कुमार पाठक ने बताया कि शासन की ओर से परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए स्पष्ट मानक निर्धारित किए गए हैं। इसके तहत विद्यालयों की ऑनलाइन फीडिंग का कार्य कराया गया है। निर्धारित मानकों के आधार पर ही परीक्षा केंद्रों का चयन किया जाएगा।
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने निर्देश दिए कि निर्धारित मानकों को पूरा नहीं करने वाले किसी भी विद्यालय को परीक्षा केंद्र न बनाया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र निर्धारण में इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि छात्र-छात्राओं को परीक्षा देने के लिए अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े।
उन्होंने आवश्यकता के अनुसार विद्यालयों का सत्यापन कराने के बाद ही संबंधित सूचना प्रेषित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेन्द्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अरविन्द कुमार पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।