पशुपालन, सहकारिता, गन्ना एवं मत्स्य विभाग की योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
सौरभ श्रीवास्तव • संपूर्ण भारत, हरदोई • 5/11/2026, 6:32:05 pm
पशुपालन, सहकारिता, गन्ना एवं मत्स्य विभाग की योजनाओं की डीएम ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गो-आश्रय स्थलों में ठंड से बचाव और पर्याप्त चारे की व्यवस्था के निर्देश, किसानों को समय से खाद व गन्ना मूल्य भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा
जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय की अध्यक्षता में गुरुवार को स्वामी विवेकानन्द सभागार में पशुपालन, सहकारिता, गन्ना विकास एवं मत्स्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार योजनाओं की प्रगति, निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धियों और पात्र लाभार्थियों को मिल रहे लाभों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गो-आश्रय स्थलों में ठंड से बचाव की व्यवस्था के निर्देश
पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री निराश्रित/बेसहारा गोवंश सहभागिता योजना के तहत डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों को दी जा रही धनराशि की विकासखंडवार प्रगति जानी। उन्होंने जिन गो-आश्रय स्थलों में अभी तक विद्युत संयोजन नहीं हुआ है, वहां जल्द कनेक्शन कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गो-आश्रय स्थलों के लिए उपलब्ध चारागाह भूमि पर हरे चारे की बुवाई कराने और गोबर से कम्पोस्ट खाद तैयार करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जनपद में संचालित 19 मॉडल गो-आश्रय स्थलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए।
सर्दी के मौसम को देखते हुए उन्होंने गोवंश को ठंड से बचाने, पर्याप्त चारा एवं अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा गोवंश की जन्मदर और मृत्युदर का नियमित रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन गोवंश आश्रय स्थलों का कार्य भी निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने को कहा।
किसानों को खाद की उपलब्धता में न हो परेशानी
सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने एआर कोऑपरेटिव को समितियों का नियमित निरीक्षण करने और खाद की उपलब्धता व स्टॉक की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी समितियों एवं केंद्रों पर मांग के अनुरूप खाद उपलब्ध रहे। लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
समय से हो गन्ना मूल्य का भुगतान, घटतौली पर रोक
जिला गन्ना अधिकारी को निर्देश दिए गए कि किसानों को निर्धारित समयावधि में गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी गन्ना क्रय केंद्र पर घटतौली नहीं होनी चाहिए। किसानों को समय से गन्ना पर्चियां उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से पौध उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया, ताकि समूहों से जुड़ी महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण हो सके।
मत्स्य योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के निर्देश
मत्स्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष योजनाओं की प्रगति जानी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने और उनका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही नहीं बरतने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।