त्योहारों पर यूपी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 34 कंपनी PAC तैनात
विमलेश सिंह • , लखनऊ • 5/11/2026, 7:51:20 pm
लखनऊ। आगामी त्योहारों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रदेशभर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बरतने के लिए 34 कंपनी और एक प्लाटून पीएसी (प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी) तैनात की गई है।
डीजीपी राजीव कृष्ण ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत पुलिस कमिश्नरेट, विभिन्न जिलों और जीआरपी थानों को पीएसी बल आवंटित किया गया है। संवेदनशील इलाकों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, पूजा पंडालों, घाटों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत अयोध्या और वाराणसी को दो-दो कंपनी पीएसी आवंटित की गई हैं। वहीं कानपुर, प्रयागराज, मेरठ और गोरखपुर को एक-एक कंपनी पीएसी दी गई है।
इसके अलावा दीपोत्सव-2026 को देखते हुए अयोध्या में विशेष पुलिस व्यवस्था की गई है। यहां सात अपर पुलिस अधीक्षक (ASP), 20 पुलिस उपाधीक्षक (DSP) और 70 उपनिरीक्षकों (दरोगाओं) की तैनाती की गई है।
पीएसी के अलावा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF), एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS), राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) को भी सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर मुस्तैद रखा जाएगा।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा बल उपलब्ध रखना है।