हरदोई में दिवंगत शिक्षक की पत्नी को मिला 50 लाख का बीमा चेक, शिक्षक वेतन पैकेज के तहत मिली आर्थिक सहायता
विमलेश सिंह • भारत, हरदोई • 5/11/2026, 7:56:13 pm
हरदोई। शिक्षक वेतन पैकेज के तहत दिवंगत शिक्षक अवधेश कुमार वर्मा की पत्नी सुमन राजपूत को 50 लाख रुपये की बीमा राशि का चेक प्रदान किया गया। गुरुवार को दोपहर 1:45 बजे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह आर्थिक सहायता सौंपी गई।
कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्रा, भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक विशाल सिद्धार्थ, सीएम देवास शीतल प्रभाकर, मुख्य प्रबंधक हरदोई मुख्य शाखा शैलेन्द्र प्रताप सिंह और शाखा प्रबंधक हरपालपुर प्रवीण कुमार यादव सहित कई अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत शिक्षक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उल्लेखनीय है कि अवधेश कुमार वर्मा के निधन के समय शिक्षक सैलरी पैकेज के अंतर्गत 50 लाख रुपये का बीमा कवर सक्रिय था। इसी के तहत उनकी पत्नी को बीमा की राशि का भुगतान किया गया है। इससे परिवार को कठिन समय में आर्थिक सहारा मिला है।
अब बढ़कर एक करोड़ रुपये हुआ बीमा कवर
इस मौके पर शिक्षक वेतन पैकेज से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जानकारी भी सामने आई। भारतीय स्टेट बैंक और बेसिक शिक्षा विभाग के बीच 7 जुलाई 2026 को हुए नए समझौते के बाद शिक्षकों को मिलने वाले बीमा कवर की राशि बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दी गई है। बैंक और शिक्षा विभाग के बीच हुए इस समझौते के तहत शिक्षकों को बेहतर बैंकिंग सुविधाओं के साथ व्यापक बीमा सुरक्षा भी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।