हरदोई: बेनीगंज में मिठाई की दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, पेड़ा और गोंद के लड्डू के नमूने लिए
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 5/11/2026, 8:04:09 pm
हरदोई। त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बेनीगंज चौराहे पर मिठाई की दुकानों की जांच की। जिलाधिकारी के निर्देश पर संडीला की एसडीएम नारायणी भाटिया के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान दो मिष्ठान विक्रेताओं की दुकानों से पेड़ा और गोंद के लड्डू के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी कुमार चित्रसेन ने दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। वहीं, मिठाइयों पर बेस्ट बिफोर (उपयोग की अवधि) की तारीख भी अंकित नहीं पाई गई। विभाग की ओर से संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
कार्रवाई की भनक लगते ही आसपास की कई मिठाई की दुकानें बंद हो गईं। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से बेनीगंज के मिठाई कारोबारियों में हलचल देखी गई।