हरदोई में विजयदशमी पर होगा शस्त्र पूजन, मेधावी प्रतिभाओं का होगा सम्मान; 20 अक्टूबर को जुटेंगे क्षत्रिय समाज के लोग
विमलेश सिंह • भारत, हरदोई • 19/10/2026, 8:41:48 am
हरदोई। क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में 20 अक्टूबर को विजयदशमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर धर्मशाला रोड स्थित क्षत्रिय भवन में हवन-पूजन के बाद राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के मैदान में सुबह 11 बजे से मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में शस्त्र पूजन, मेधा अभिनंदन समारोह और भगवान श्रीराम के व्यक्तित्व पर व्याख्यान समेत विभिन्न सांस्कृतिक आयोजन होंगे।
क्षत्रिय भवन में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में महासभा के अध्यक्ष राजपाल सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विजयदशमी के अवसर पर सुबह आठ बजे से 10 बजे तक क्षत्रिय भवन में हवन और पूजन किया जाएगा। इसके बाद जीआईसी मैदान में मुख्य समारोह आयोजित होगा।
समारोह के दौरान शस्त्र पूजन और मेधावी प्रतिभाओं का अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही भगवान श्रीराम के व्यक्तित्व पर व्याख्यान के माध्यम से उनके आदर्शों और जीवन से जुड़े पहलुओं पर चर्चा होगी। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
मध्य प्रदेश के विधायक होंगे मुख्य अतिथि
राजपाल सिंह के अनुसार, कार्यक्रम में मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य नागेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू विशिष्ट अतिथि होंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता साध्वी पंछी देवी करेंगी।
कार्यक्रम में क्षत्रिय समाज के ब्लॉक प्रमुखों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है। महासभा की ओर से विजयदशमी के अवसर पर आयोजित इस समारोह में समाज के लोगों की सहभागिता रहेगी।