यूपी चुनाव 2027: संविधान दिवस पर जारी होगा सपा का ‘PDA प्रण-पत्र’, अखिलेश यादव ने किया ऐलान
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, लखनऊ • 19/10/2026, 10:52:59 am
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के घोषणापत्र को जारी करने की तारीख का ऐलान किया है। सपा अपना घोषणापत्र 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर जारी करेगी।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “सत्ताइस का संकल्प: पीडीए का प्रणपत्र, ‘जन-मन का मैनीफेस्टो’ संविधान दिवस’ 26 नवंबर 2026 के लोकतांत्रिक पावन अवसर पर हम जारी करेंगे।”
‘प्रण-पत्र’ के जरिए जनता के मुद्दे उठाएगी सपा
समाजवादी पार्टी ने अपने चुनावी घोषणापत्र को ‘प्रण-पत्र’ नाम दिया है। पार्टी इसे ‘पीडीए का प्रण-पत्र’ और ‘जन-मन का मैनीफेस्टो’ के रूप में पेश करने की तैयारी में है। इसके जरिए पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपनी राजनीतिक प्राथमिकताओं को सामने रखने का प्रयास करेगी।
2027 के चुनाव को लेकर बढ़ेगी सियासी हलचल
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को देखते हुए राजनीतिक दल अपनी रणनीतियों को धार देने में जुटे हैं। ऐसे में सपा की ओर से घोषणापत्र जारी करने की तारीख घोषित करना चुनावी तैयारियों की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। अब सभी की नजरें 26 नवंबर 2026 पर रहेंगी, जब समाजवादी पार्टी अपना ‘PDA प्रण-पत्र’ जारी करेगी और पार्टी के चुनावी वादों तथा प्राथमिकताओं की तस्वीर स्पष्ट होगी।