हरदोई में ज्वेलरी की दुकानों में चोरी करने वाला एक और आरोपी गिरफ्तार, बाराबंकी से जुड़ा कनेक्शन
विमलेश सिंह • भारत, हरदोई • 20/10/2026, 4:55:08 pm
हरदोई। शहर में सोने-चांदी की दुकानों को निशाना बनाने वाले चोरों के मामले में कोतवाली शहर पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने दो चोरी के मामलों में वांछित आरोपी आकाश पांडेय उर्फ सूरज पांडेय को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाराबंकी का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, उसके कब्जे से सफेद धातु की पांच पायल, नौ बिछुए और 220 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
शटर काटकर उड़ाए थे चांदी के सिक्के और नकदी
पुलिस के प्रेस नोट के अनुसार, 8 सितंबर 2026 को सराय थोक निवासी सुशांत गुप्ता ने अपनी सोने-चांदी की दुकान से आभूषण चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद 12 सितंबर को सराय थोक निवासी हर्ष पांडेय ने दुकान का शटर काटकर चांदी, चांदी के सिक्के और नकदी चोरी किए जाने की शिकायत की थी। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पहले दो आरोपी भी हो चुके हैं गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, इन मामलों में 16 सितंबर को दीपांशु उर्फ प्रियांशु और इजहार हुसैन उर्फ अरबाज हुसैन को गिरफ्तार किया गया था। उनके पास से चांदी की छह चेन, बच्चों के 12 कंगन, एक जोड़ी पायल, 140 जोड़ी बिछुए, 2,100 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और शटर तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद हुई थी।
अब इसी मामले में आकाश पांडेय उर्फ सूरज पांडेय की गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
लखनऊ में भी दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के प्रेस नोट में आरोपी के खिलाफ लखनऊ कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में वर्ष 2025 के पांच आपराधिक मुकदमों का भी उल्लेख है। इनमें बख्शी का तालाब, हसनगंज और हजरतगंज थानों के मामले शामिल हैं।
कोतवाली शहर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्यागी समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।