ट्रेन हादसे ने छीन ली नवयुवक की जान, शादी की तैयारियां मातम में बदलीं
सौरभ श्रीवास्तव • कछौना, हरदोई • 20/10/2026, 9:53:39 pm
तिलक 26 जून को संपन्न हुआ था, विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लखनऊ-दिल्ली रेल लाइन पर शव मिला
कछौना (हरदोई)। जहां शादी के निमंत्रण कार्ड बांटे जा रहे थे और शहनाई की धुन गूंजने वाली थी, वहां अचानक चीख-पुकार और सन्नाटा छा गया। मंगलवार को लखनऊ-दिल्ली रेलवे लाइन पर पूरा सुजानपुर गांव के पास एक दर्दनाक घटना घटी। ट्रेन की चपेट में आने से करीब 25 वर्षीय अंकित की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
रेलवे ट्रैक के खंभा संख्या 1039 के निकट सुबह शव मिलने से इलाके में हड़कंप फैल गया।सूचना मिलते ही राजकीय रेलवे पुलिस और कछौना कोतवाली की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों की सहायता से शव की पहचान कराई। मृतक कछौना के अंबेडकर नगर निवासी अंकित पुत्र संतराम निकला। परिजनों को खबर देते ही घर में कोहराम मच गया।
अंकित अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा और परिवार का मुख्य सहारा था। वह नगर पंचायत कछौना कार्यालय में संविदा कर्मी के पद पर कार्यरत था।पिता संतराम ने बताया कि अंकित सुबह घर से बिना बताए निकला था। वह रेलवे ट्रैक पर कैसे पहुंचा, इसकी कोई जानकारी परिवार के पास नहीं है। युवक का विवाह जल्द ही होना था। बीते 26 जून को उसका तिलक बड़े धूमधाम से हुआ था। घर में खुशियों का माहौल था, जो अब पूरी तरह शोक में बदल चुका है।
इस अचानक और संदिग्ध मौत को लेकर कछौना में तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया है। कछौना पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।