बेंती कोठी में राजा भैया का शस्त्र पूजन, 500 से अधिक हथियारों के साथ निभाई गई परंपरा
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, प्रतापगढ़ • 20/10/2026, 10:49:38 pm
प्रतापगढ़। विजयादशमी के अवसर पर प्रतापगढ़ जिले के कुंडा स्थित बेंती कोठी में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने पारंपरिक रूप से शस्त्र पूजन किया। इस दौरान समर्थकों के 500 से अधिक लाइसेंसी हथियार पूजन के लिए रखे गए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा संपन्न हुई। इसके बाद आरती और प्रसाद वितरण किया गया।
शस्त्र और शास्त्र दोनों का ज्ञान जरूरी: राजा भैया
शस्त्र पूजन के बाद राजा भैया ने इसे भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि जीवन में शस्त्र और शास्त्र, दोनों का ज्ञान आवश्यक है। भारतीय परंपराओं का संरक्षण और उनका अगली पीढ़ी तक पहुंचना जरूरी है।
भारतीय परंपराओं को अपनाने की अपील
राजा भैया ने लोगों से भारतीय संस्कृति और पारंपरिक पहनावे को अपनाने की अपील की। उन्होंने त्योहारों और विशेष अवसरों पर धोती-कुर्ता जैसे पारंपरिक वस्त्र पहनने पर जोर दिया।
बेंती कोठी में आयोजित इस कार्यक्रम में समर्थकों ने भी उत्साह के साथ भाग लिया। विजयादशमी के अवसर पर शस्त्र पूजन के जरिए पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया गया।