दबंगों के आगे बेबस पीड़ित? पट्टे की जमीन पर खेती रोकने का आरोप, प्रशासन से लगाई गुहार!
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 21/10/2026, 4:03:44 pm
पट्टे की जमीन पर कब्जे का आरोप, खेती से रोके जाने पर न्याय की गुहार; अधिकारियों के दरवाजे पहुंचा पीड़ित परिवार
हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र के ग्राम कोकटमऊ में पट्टे की जमीन पर खेती करने से रोके जाने का मामला सामने आया है। गांव निवासी शिव कुमारी पत्नी सुदामा तिवारी ने अपनी भूमि पर खेती नहीं कर पाने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है। बुधवार को उनके पति सुदामा तिवारी ने एसडीएम बिलग्राम, पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी हरदोई को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित पक्ष के मुताबिक, गाटा संख्या 317 में दर्ज एक बीघा पांच बिस्वा पट्टे की भूमि पर कुछ लोग उन्हें खेती नहीं करने दे रहे हैं। उनका आरोप है कि इसको लेकर विवाद की स्थिति बनी रहती है और मारपीट की आशंका भी है।
सुदामा तिवारी का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए वह कई बार अधिकारियों के चक्कर लगा चुके हैं और स्थानीय थाने में भी शिकायत की, लेकिन अब तक उन्हें राहत नहीं मिली। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी असंतोष जताया है।
निष्पक्ष पैमाइश और जमीन कब्जामुक्त कराने की मांग
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से भूमि की निष्पक्ष पैमाइश और सीमांकन कराने की मांग की है। साथ ही, जांच में अवैध कब्जे की पुष्टि होने पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जमीन को कब्जामुक्त कराने की अपील की है।
पीड़ित के अनुसार, अधिकारियों ने न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और न्याय की आस लगाए बैठे परिवार को कब राहत मिलती है।