हरदोई में पति से विवाद के बाद विवाहिता की मौत, लखनऊ ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 22/10/2026, 12:15:45 pm
हरदोई। बघौली थाना क्षेत्र के कोट गांव में घरेलू विवाद के बाद एक विवाहिता की मौत से परिवार में मातम छा गया। सोमवार शाम पति से कहासुनी के बाद महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोट गांव निवासी राम सागर जनसेवा केंद्र चलाते हैं। उनकी शादी करीब तीन साल पहले विक्टोरियागंज निवासी 33 वर्षीय पूजा से हुई थी। बताया गया कि सोमवार शाम घरेलू बातों को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद पूजा ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।
महिला की हालत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। वे आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उसे हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। परिजन पूजा को लेकर लखनऊ जा रहे थे, तभी रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
मौत के बाद परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और पुलिस के साथ मायके पक्ष को सूचना दी। मंगलवार को बघौली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मायके पक्ष ने नहीं लगाया कोई आरोप
बघौली थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।