हरदोई में दीपावली पर पटाखों की दुकान लगाने का मौका, 24 अक्टूबर से मिलेंगे लाइसेंस फॉर्म; 2 नवंबर तक आवेदन
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 22/10/2026, 5:11:56 pm
हरदोई। दीपावली त्योहार के अवसर पर नगर क्षेत्र में अस्थायी आतिशबाजी बिक्री के लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने बताया कि इच्छुक आवेदकों को 24 अक्टूबर 2026 से आवेदन फॉर्म निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
नगर क्षेत्र में कुल 150 अस्थायी आतिशबाजी विक्रय लाइसेंस आवंटित किए जाएंगे। इनमें सीएसएन पीजी कॉलेज में 100 और आईटीआई में 50 लाइसेंस निर्धारित किए गए हैं।
2 नवंबर तक जमा होंगे आवेदन
इच्छुक व्यक्ति कार्यालय नगर मजिस्ट्रेट, हरदोई से आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज के तीन फोटो और पिछले वर्ष दीपावली पर जारी अस्थायी आतिशबाजी लाइसेंस की मूल प्रति के साथ स्वयं उपस्थित होकर आवेदन फॉर्म एवं स्व-घोषणा पत्र का प्रारूप प्राप्त कर सकते हैं।
भरे हुए आवेदन फॉर्म के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर 24 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक किसी भी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक कार्यालय में जमा किए जा सकेंगे। 2 नवंबर के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगा आवंटन
नगर मजिस्ट्रेट के अनुसार, लाइसेंस का आवंटन पहले आओ, पहले पाओ प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। वहीं, अस्थायी दुकान लगाने के लिए स्थान का आवंटन अग्निशमन विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार लॉटरी पद्धति से किया जाएगा।
लाइसेंस के लिए निर्धारित सरकारी शुल्क और अन्य अनिवार्य शर्तों की जानकारी आवेदन फॉर्म के पीछे अंकित होगी। आवेदकों को सलाह दी गई है कि सभी शर्तों को अच्छी तरह पढ़ने और समझने के बाद ही आवेदन करें।