कछौना के बालामऊ में तहसील बनाने की मांग, विधायक अशोक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, हरदोई • 22/10/2026, 9:04:04 pm
हरदोई। कछौना क्षेत्र के बालामऊ में तहसील बनाए जाने की मांग एक बार फिर उठी है। भाजपा विधायक अशोक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर बालामऊ में तहसील स्थापित करने के लिए आदेश जारी करने का अनुरोध किया है।
विधायक ने अपने पत्र में बताया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र हरदोई में कुल पांच तहसीलें हैं, जिनमें बिलग्राम, सदर हरदोई, शाहाबाद, सवायजपुर और संडीला शामिल हैं। उन्होंने कहा कि संडीला तहसील में पांच ब्लॉक आते हैं और इसका क्षेत्रफल अधिक होने के कारण लोगों को विभिन्न कार्यों के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बालामऊ जंक्शन और नैमिषारण्य को जोड़ने का भी प्रस्ताव
विधायक ने पत्र में बालामऊ जंक्शन को पवित्र तीर्थ नैमिषारण्य से रेलमार्ग और सड़क मार्ग के जरिए जोड़ने की मांग भी रखी है। उनका कहना है कि बालामऊ में तहसील स्थापित होने से क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों में सहूलियत मिलेगी और विकास कार्यों को भी गति मिल सकेगी।
पत्र के अंत में विधायक अशोक अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से बालामऊ में तहसील बनाए जाने के संबंध में आवश्यक आदेश पारित करने का अनुरोध किया है। अब इस मांग पर शासन के स्तर से होने वाली कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजर रहेगी।