संकिसा में गायत्री माता मंदिर पर कलश यात्रा के साथ नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ
संपादकीय डेस्क • मुख्यालय, फर्रुखाबाद • 22/10/2026, 10:09:50 pm
फर्रुखाबाद। आदर्श नगर पंचायत संकिसा बसंतपुर के वार्ड संख्या 10, 11 और 12 के अंतर्गत पमर खिरिया एवं श्योगनोपुर में गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026 को गायत्री माता मंदिरों पर 14वीं वर्षगांठ के अवसर पर कलश शोभायात्रा निकाली गई। इसके साथ ही नौ कुंडीय हवन यज्ञ का शुभारंभ हुआ। धार्मिक आयोजन में माताओं, बहनों, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आयोजकों के अनुसार, यह धार्मिक आयोजन 25 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक हवन यज्ञ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान होंगे। 25 अक्टूबर को पूर्णाहुति के साथ यज्ञ का समापन किया जाएगा, जिसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
प्रज्ञा पुराण कथा में उमड़ेंगे श्रद्धालु
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे तक गायत्री प्रज्ञा पुराण पाठ एवं कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का श्रवण प्रसिद्ध आचार्य राजेंद्र दुबे (झांसी), आचार्य संतोष तोमर (मुरैना-ग्वालियर) तथा पुरोहित संतोष एवं अवधेश शुक्ला (झांसी) के मुखारविंद से कराया जाएगा।
प्रतिदिन आरती, हवन यज्ञ और प्रज्ञा पुराण कथा में श्रद्धालु शामिल होंगे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।