जनसेवा केंद्र संचालक का कमरे में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

जनसेवा केंद्र संचालक का कमरे में फंदे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

हरदोई। हरदोई जिले के बघौली थाना क्षेत्र के हड़हा गांव में जनसेवा केंद्र संचालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

कमरे में मिला शव

हड़हा निवासी श्रीचन्द्र का 30 वर्षीय अविवाहित बेटा अमित कुमार गांव के बाहर जनसेवा केंद्र चलाता था। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। परिजनों के मुताबिक, शनिवार रात करीब 8:15 बजे अमित नशे की हालत में घर आया और अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर परिजन कमरे में पहुंचे, जहां उसका शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद परिजनों ने शव को नीचे उतार लिया।

शराब का आदी होने की बात आई सामने

मृतक के भाई ललित ने बताया कि अमित शराब पीने का आदी था और उसकी तबीयत भी अक्सर खराब रहती थी। घटना के बाद परिजनों ने रविवार सुबह करीब 9 बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

थानाध्यक्ष प्रशांत द्विवेदी ने बताया कि परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।