हरदोई में रवि वाल्मीकि बने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष, पहली बार वाल्मीकि समाज को मिला मौका

हरदोई में रवि वाल्मीकि बने भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष, पहली बार वाल्मीकि समाज को मिला मौका

हरदोई। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार शाम अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी। हरदोई में संडीला निवासी रवि वाल्मीकि को अनुसूचित जाति मोर्चा का जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा के गठन के बाद यह पहला मौका बताया जा रहा है, जब वाल्मीकि समाज के किसी व्यक्ति को जिले में इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पिछले कई दिनों से भाजपा में विभिन्न मोर्चों के जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज थीं। युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा समेत अन्य संगठनों में नई नियुक्तियों का इंतजार किया जा रहा था। इसी क्रम में रविवार शाम अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्षों की सूची जारी की गई।

हरदोई में जिलाध्यक्ष बनाए गए रवि वाल्मीकि इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इसके साथ ही वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रशिक्षित स्वयंसेवक भी हैं। पार्टी ने उनके संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है।

रवि वाल्मीकि की नियुक्ति की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में खुशी का माहौल रहा। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, जिला उपाध्यक्ष आकाश सिंह समेत पार्टी के अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस नियुक्ति को जिले में वाल्मीकि समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।