हरदोई। जिले की गोपामऊ विधानसभा सीट से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश एक बार फिर सुर्खियों में हैं। टड़ियावां थाना क्षेत्र के पुष्पताली निवासी नरेंद्र कुमार ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) कोर्ट में याचिका दायर कर विधायक पर सरकारी भूमि, तालाब और धार्मिक स्थल की जमीन पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है।
याचिका भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 175(3) के तहत दाखिल की गई है। इसमें विधायक श्याम प्रकाश के अलावा उनकी ग्राम प्रधान पत्नी, लेखपाल तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को भी पक्षकार बनाया गया है।
याचिकाकर्ता का आरोप है कि गांव के सौंदर्यीकरण के लिए चिन्हित तालाब पर कब्जा कर मछली पालन कराया जा रहा है। साथ ही नियमों की अनदेखी कर हड्डी प्रसंस्करण फैक्ट्री संचालित किए जाने और राजस्व अभिलेखों में हेरफेर कर जमीन विधायक, उनकी पत्नी और भतीजे के नाम दर्ज कराने का भी दावा किया गया है।
वहीं, भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने सभी आरोपों को राजनीतिक साजिश बताते हुए खारिज किया है। उनका कहना है कि शिकायतकर्ता उनका राजनीतिक विरोधी है और पहले भी कई शिकायतें कर चुका है, जो प्रशासनिक जांच में निराधार पाई गई थीं।
तालाब के मामले में विधायक ने कहा कि तालाब का 10 वर्षीय पट्टा नियमानुसार मत्स्य जीवी सहकारी समिति भड़ायल के नाम है और उसी समिति द्वारा इसका संचालन किया जा रहा है। हड्डी फैक्ट्री के आरोपों को भी उन्होंने बेबुनियाद बताते हुए कहा कि संबंधित इकाई में केवल वेजिटेबल उत्पादों का उपयोग होता है।
फिलहाल, इस पूरे मामले में कोर्ट के रुख का इंतजार किया जा रहा है।